टंडवा थाना क्षेत्र के पदमपुर स्थित बरवाटोली में 10 हाथियों के झुंड ने झालो तुरी निवासी एक बुजुर्ग महिला को कुचल कर मार डाला। घटना मंगलवार की देर रात की है। हाथियों का झुंड महिला के घर के पहुंचा था। इसी बीच घर के सदस्यों की हाथियों पर नजर पड़ी तो सभी शाेर मचाते हुए छत पर चले गए। पर बुजुर्ग महिला को कुछ समझ नहीं आया और वो दरवाजा खोल बाहर निकल आई। तभी हाथियों ने उसे सूढ़ से उठाकर जमीन पर पटका और कुचल कर मार डाला।
मृतका की पहचान जमुनी देवी (65) के रूप में की गई। घटना की सूचना पाते ही बुधवार को सीओ आशुतोष ओझा, पुलिस इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय, रेंजर मुक्ती प्रकाश पन्ना, भाजपा मंडल अध्यक्ष गोविंद तिवारी मौके पर पहुंचे और मामले का जायजा लिया। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्माॅर्टम के लिए चतरा भेज दिया।
इधर, हाथियों के झुंड ने मृतका के बेटे स्व पिंटु तुरी के घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावे बसंती देवी, परशु भुइयां और जुगल भुइयां के घर को भी क्षति पहुंचाई। रेंजर एमपी पन्ना ने प्रवधान के अनुसार मृतक के आश्रित को चार लाख रुपए मुआवजा देने की बात कही। फिलहाल उन्होंने मृतका के पति झालु तुरी को 50 हजार रुपए सहयोग राशि के रूप में दिया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष गोविंद तिवारी ने बताया कि सितंबर 2020 में मृतका के पुत्र पिंटु तुरी की मौत धनगडा घाटी में अज्ञात कोयला लदे वाहन की चपेट में आने से हो गई थी। पर उसकी विधवा को आश्वासन के बाद भी अब तक मुआवजा नहीं मिलने से उसके समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

