चांडिल के हुमिद स्थित बिहार स्पंज आयरन लिमिटेड (बीएसआईएल) का संचालन करने वाली वनराज स्टील्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में गुरुवार की शाम कीलन में हुए विस्फोट में सात ठेका मजदूर झुलस गए। इसमें एक की हालत गंभीर है। कीलन की सफाई के दौरान यह हादसा हुआ।
घटना शाम को 5 बजे की बताई गई है। कीलन एक प्रकार की पाइपनुमा मशीन होती है, जिसमें स्पंज आयरन बनाया जाता है। मजदूरों के मुताबिक, कीलन की सफाई के दौरान अचानक विस्फोट के बाद गर्म भाप निकलने लगी, जिससे मजदूर झु़लस गए।
सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती किया गया है। मजदूरों के मुताबिक, सभी कर्मचारी काम करने के लिए कीलन में थे, तभी यह घटना हुई तब उनको बचाव करने का मौका भी नहीं मिला।
इस घटना में घायलों में नीमडीह के गुंडा निवासी सुरेसा सिंह सरदार (25), चांडिल के चालक बेड़ा निवासी पूना मानकी (20),देव सिंह सरदार (25), रूदिया निवासी जितेंद्र लायक (40), जनता लायक (20),सुकराम मछुआ (27) और मेघनाथ लायक (19) शामिल है।
मजदूरों के हाथ- पैर समेत शरीर के अन्य हिस्से जले हैं। इसमें सुरेसा सिंह सरदार की हालत गंभीर है। घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी शंभू शरण दास, पंत ग्राम विस्थापित एंव प्रभावित समिति के संरक्षक गुरुचरण किस्कू समेत अन्य कंपनी पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
हंगामे के कारण बंद हो गई थी कंपनी, सोमवार से शुरू हुआ काम
हंगामे और मारपीट से परेशान होकर प्रबंधन ने कंपनी को बंद करने का निर्णय लिया था। पिछले शनिवार को कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रंजीत चौधरी ने उपायुक्त अरवा राजकमल को पत्र लिखकर कंपनी बंद करने की जानकारी दी थी।
प्रबंधन का आरोप था कि शनिवार को कंपनी के कर्मचारी और पदाधिकारियों के साथ मारपीट की गई। बहाली और अन्य मुद्दों को लेकर स्थानीय नेता पहले भी हंगामा करते रहे हैं। डीसी और एसपी के आश्वासन पर वनराज स्टील्स में दो दिन बाद काम शुरू हो गया था।
कीलन के भीतर किसी ने गड़बड़ किया, जिससे हादसा हुआ : लखन
कंपनी में काम करने वाले मजदूर लखन मांडी ने बताया कि वे लोग काम कर रहे थे। पास में ही कीलन की सफाई भी चल रही थी। तभी मजदूरों की चिल्लाने की आवाज आई। कीलन की ओर दौड़े तो देखा कि मजदूर वहां झुलसे पड़े थे।
कुछ समझ नहीं आ रहा था कि यह घटना कैसे हुई। कीलन के भीतर किसी ने कुछ गड़बड़ किया जिसके कारण यह हादसा हुआ। इसमें सात मजदूर जल गए। उनका इलाज चल रहा है।

