चाईबासा : चाईबासा के मुफस्सिल थाना अंर्तगत पुराना चाईबासा स्थित हवाई अड्डा के पास 26 वर्षीय साफ्टवेयर इंजीनियर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले की जांच एसपी आशुतोष शेखर स्वयं कर रहे हैं। उन्होंने शनिवार को भी घटनास्थल पर जाकर पड़ताल की है। इस मामले में मुफस्सिल थाने में कुल 10 अज्ञात युवकों के खिलाफ पीड़िता के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। दर्ज मामले में बताया गया है कि पीड़िता अपने भाई के दोस्त के साथ स्कूटी से घूमने के लिए हवाई अड्डा 20 अक्टूबर की शाम लगभग 5.40 बजे गई थी। वहां स्कूटी खड़ी कर दोस्त से बात करने लगी। जब कुछ अंधेरा होने लगा तो वहां 9-10 युवक आए और घेर लिया। बोलने लगे इन दोनों को जाने नहीं देना है। मारो दोनों को। इसके बाद युवती व उसके दोस्त को लात, घूंसा, चप्पल व डंडे से पीटने लगे। पीड़िता और उसके दोस्त से युवकों ने मोबाइल और पांच हजार रुपये भी छीन लिए। फिर वहां से 25 मीटर दूर मैदान में ले गये और दुष्कर्म किया जबकि युवती के दोस्त को मारपीट कर छोड़ दिया। दुष्कर्म करने के पश्चात सभी लड़के उसे वहां छोड़ कर भाग गए। वह किसी तरह से वहां से अपने घर आई और परिजनों को आपबीती सुनाई।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए बयान में कहा गया है कि सभी आरोपी ‘हो’ भाषा में आपस में बात कर रहे थे। वह छोड़ देने की गुहार लगाती रही लेकिन किसी ने उसे जाने नहीं दिया। चीख बाहर न जाए इसके लिए उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और बोलने लगे कि चिल्लाओगी तो जान से मार देंगे। करीब 40 मिनट तक एक-एक कर सभी लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म करने के पश्चात जब सभी भाग गए तो वह जैसे-तैसे स्कूटी लेकर सामने गई तो कुछ महिलाएं जो उसे पहचानती थी, उन्होंने बताया कि आपके साथ जो युवक था वह पुलिस को शिकायत करने गया है।

