जमशेदपुर : आगामी पर्व-त्योहार के दौरान उपद्रवी और हुड़दंगियों से निबटने के लिए सोमवार को एसएसपी डॉ एम तमिल वणन ने गोलमुरी स्थित पुलिस लाइन में मॉक ड्रील कराया। जिसमें पुलिस अधिकारी समेत जवानों ने बड़ी संख्या में हिस्सा भी लिया। इस दौरान अलग-अलग तरह से हुड़दंगियों से निबटने के गुर सिखाए गए। इसी बीच दंगा निरोधक और बल निरोधक उपकरण का उपयोग कैसे करना है, इसकी जानकारी भी एसएसपी द्वारा दी गई। वहीं मौके पर एसएसपी डॉ एम तमिल वणन ने कहा कि मॉक ड्रील के माध्यम से जिले में विधि-व्यवस्था को बनाए रखना मुख्य उद्देश्य है। साथ ही उन्होंने आपात घड़ी में हुड़दंगियों और उपद्रवियों से निबटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। वहीं आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर पुलिस बल को चुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है। जिसके लिए आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है। आम लोगों के सहयोग से ही शहर में शांति-व्यवस्था कायम की जा सकती है।

