झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित गांधीनगर के एक मकान में शुक्रवार की सुबह पिता और पुत्र की लाश बरामद की गई। पिता का नाम 70 वर्षीय सुशील मोहंती है जबकि बेटे का नाम 40 वर्षीय राजू मोहंती है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस को बेटे की पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का शक है। मामला का खुलासा जल्द हो सकता है।
इससे पहले घटना की सूचना पाकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों की जांच में बेटे के गले में निशान पाया गया है। दोनों लाश घर के अलग-अलग कमरे से मिली है। पुलिस ने इस मामले में मरने वाले युवक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को हिरासत में लिया है।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त बेटे राजू मोहंती की पत्नी घर पर मौजूद थी। राजू के चार बच्चे हैं। पुलिस ने पहले युवक की पत्नी से पूछताछ की। पत्नी का कहना था कि दोनों की मौत कैसे हुई। उसे नहीं पता। दोनों लोग रात को खाना खा कर अलग-अलग जगहों पर सो गए थे। सुबह जब कमरे से नहीं निकले तो परिवार के लोग गए। इस दौरान दोनों की लाश दिखी। इस कहानी के बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस ने घर में किराये पर रहने वाले युवक को पकड़ लिया। युवक महिला का प्रेमी बताया जा रहा है।
आशंका व्यक्त की जा रही है कि मामला प्रेम प्रसंग है। कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि मृतक राजू मोहंती की पत्नी दीपा मोहंती का किरायेदार जीतेन के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल था। इसी कारण राजू की पत्नी ने प्रेमी के साथ मिल दोनों की हत्या की है। पुलिस ने इस हत्याकांड के केस को लगभग सुलझा लिया है लेकिन अब तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
SSP का कहना है कि प्रथम दृष्टया से मामला हत्या का है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। किरायेदार से पूछताछ जारी है। मौके पर फोरेंसिक जांच टीम को भी बुलाया गया। फिंगर प्रिंट लिया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
अब तक की जांच में पता चला है कि प्रेमी करीब 2 माह से राजू के घर पर किराये का कमरा लेकर रह रहा था। पत्नी ने दोबारा पूछताछ में बताया कि रात में पति के साथ शराब को लेकर झगड़ा हुआ था। उसने पति को 110 रुपए शराब के लिए दिए थे। देर रात पति शराब पीकर घर आया। खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह वह मृत मिला। जबकि ससुर दूसरे कमरे में सोते थे। वह सुबह ससुर को चाय देने गई तो वह भी मृत मिले।
सूत्र दावा कर रहे हैं कि पति-पत्नी विवाद के दौरान ही देर रात प्रेमी घर में आ गया। इसके बाद उसने एक-एक कर पिता-पुत्र की हत्या कर दी। घटना को दबाने की साजिश रची गई लेकिन जांच में राज खुल गया। पुलिस जल्द ही इसका खुलासा करेगी।

