जमशेदपुर : जिलेभर में जनवरी 2022 से डीजल से चलने वालों ऑटो नहीं चलेंगे। उसकी जगह सीएनजी से चलने वाले ऑटो लेंगे। जिले में फिलहाल डीजल से चलने वाले 15000 ऑटो है जबकि डीटीओ आफिस में 175 सीएनजी ऑटो ही निबंधित है। डीलरों को डीजल ऑटो की बिक्री बंद करने का आदेश दिया गया है। मंगलवार को जिला परिवहन पदाधिकारी कार्यालय में बैठक में इसपर फैसला लिया।
आरटीए सचिव मुस्तिकम अंसारी व डीटीओ दिनेश कुमार रंजन ने शहर के ऑटो एसोसिएशन, पेट्रोल पंप एसोसिएशन व ऑटो शोरूम संचालक संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर फैसला लिया। तय हुआ कि अब डीजल से चलने वाले ऑटो का रजिस्ट्रेशन नहीं होगा। ऑटो शोरूम संचालक भी डीजल ऑटो की बिक्री नहीं करेंगे। ऑटो एसोसिएशन के जरिए टेंपो संचालकों को जानकारी दी जाएगी कि सीएनजी से चलने वाले ही ऑटो की खरीददारी करें।
ऑटो एसोसिएशन, शोरूम संचालक संघ के प्रतिनिधियों ने दी सहमति
शोरूम संचालक सीएनजी ऑटो खरीद पर ग्राहकों को ऑफर दें
डीटीओ ने कहा- शोरूम संचालक सीएनजी ऑटो की खरीद पर ऑफर दें। संचालकों ने एक्सचेंज ऑफर के तहत पुराने डीजल ऑटो का करीब 50 हजार तक देने की बात कही है। 70 हजार डाउन पेमेंट के बाद 2.86 लाख की सीएनजी ऑटो खरीद सकते हैं।
पेट्रोल पंप संचालकों को सीएनजी फिलिंग स्टेशन लगाने की हिदायत
फिलहाल शहर के गोलमुरी, साकची, मानगो और पारडीह में चार सीएनजी फिलिंग स्टेशन हैं। प्रशासन ने देश के तीनों पेट्रोलियम कंपनियों को पत्र लिख आग्रह करेगा कि सीएनजी फिलिंग स्टेशन शहर व एनएच-33 पर बनाएं ताकि फिलिंग में परेशानी न हो।
सभी संचालकों से सीएनजी ऑटो ही खरीदने के लिए कहेगा संघ
शिक्षित बेरोजगार टेंपो चालक व संचालक संघ के महासचिव श्याम किंकर झा ने कहा- आदित्यपुर क्वालिटी मोटर्स ने नए सीएनजी ऑटो की खरीदारी पर रियायत का भरोसा दिया है। संघ के जरिए सभी संचालकों की सूचना दी जा रही है कि सीएनजी ऑटो खरीदें।

