जमशेदपुर: कोविड डेडिकेटेड अस्पताल के रूप में कांतिलाल गांधी मेमोरियल अस्पताल शनिवार से शुरू हो गया. स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और उपायुक्त सूरज कुमार के आदेश के आलोक में जिला स्वास्थ्य विभाग ने इसे शुरू किया है. सिविल सर्जन डॉ एके लाल ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों व पारा मेडिकल स्टाफ की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है.
हालांकि, पहले दिन इसमें कोई कोरोना मरीज भर्ती नहीं हुआ. इस अस्पताल में कुल 100 बेड हैं. इनमें से 82 ऑक्सीजन बेड हैं, जबकि 18 हाई फ्लो नोजल केनुला ऑक्सीजन सह नन इंटेंसिव वेंटिलेटर बेड हैं. अस्पताल शुरू करने के मौके पर सिविल सर्जन डॉ लाल ने डॉक्टरों व पारा मेडिकल स्टाफ के साथ वहां बैठक कर उन्हें जरूरी निर्देश दिये. लंबे समय से बंद पड़े इस अस्पताल को कोरोना की दूसरी लहर के दौरान शुरू किया गया था. तब सैकड़ों मरीजों का यहां इलाज हुआ था. बाद में कोविड थमने पर फिर से यह अस्पताल बंद हो गया था. चूंकि यहां पर स्थायी डॉक्टर नहीं हैं, इसलिए जिला स्वास्थ्य विभाग यहां डॉक्टरों व पारा मेडिकल स्टॉफ की प्रतिनियुक्ति कर इसे संचालित करता है.

