जमशेदपुर: कोरोना वायरस संक्रमण के साथ अब पूर्वी सिंहभूम जिले में स्वाइन फ्लू और जापानी बुखार के मरीज भी मिल रहे हैं. शनिवार को जापानी बुखार के एक मरीज की पुष्टि हुई है. इस मरीज का इलाज टाटा मैन हॉस्पिटल (TMH) में चल रहा है. मरीज बंगाल के पुरुलिया का रहन वाला बताया गया है. TMH में इलाज कराने पहुंचे मरीज में जापानी बुखार के लक्षण मिलने पर जिला सर्विलेंस विभाग को इसकी जानकारी दी गयी. सर्विलेंस की टीम ने जांच का नमूना लेकर एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां जापानी बुखार की पुष्टि हुई.
जिला सर्विलेंस पदाधिकारी डाॅ साहिर पाल ने कहा कि हमलोगों को कोराना के साथ अन्य बीमारी को भी लेकर सतर्क रहने की जरूरत है. कोरोना के साथ इन बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ती है, तो परेशानी हो सकती है. इसमें अधिकतर बीमारी का लक्षण एक जैसे होता है.
क्या है जापानी बुखार
जेपेनीज इंसेफेलाइटिस जिसे जापानी बुखार भी कहते हैं. यह एक वायरल संक्रमण है, जो मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी को अधिक प्रभावित करता है. इसमें मरीज को तेज बुखार आता है. साथ ही सर्दी, खांसी, सिर दर्द, बदन दर्द सहित अन्य किसी भी प्रकार की समस्या हो, तो डॉक्टर को तुरंत दिखायें. इस बुखार को ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक देखा जाता है. जापानी बुखार एक व्यक्ति से दूसरे में प्रसारित नहीं होता है.

