जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बिरसानगर थाने में अप्रैल माह में रितेश प्रकाश की ओर से मामला दर्ज कराया गया था। इसमें आरोप लगाया गया कि आनंद राव नाम के व्यक्ति ने आईआईएफएल सिक्यूटिरी लिमिटेड की फ्रेंचाईजी ली। नियम व शर्त पूरी नहीं करने पर कंपनी ने फ्रेंचाईजी को रद्द कर दिया। इसके बावजूद संबंधित व्यक्ति की ओर से कंपनी के फर्जी कागजात तैयार कर लोगों से ठगी की जा रही है।
शिकायत के आधार पर पुलिस की ओर से मामले का अनुसंधान प्रारंभ किया गया। इसके लिए जमशेदपुर पुलिस के द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम के द्वारा अनुसंधान के क्रम में ठगी में शामिल अपराधकर्मी आनन्द राव को गिरफ्तार किया गया। इसकी निशानदेही में ठगी किए जाने में इस्तेमाल की गई मनी रसीद जब्त की गई है। बताया जा रहा है कि अलग-अलग व्यक्तियों के नाम से करीब 1 करोड़ 49 लाख रुपये की रसीद मिली है। आरोपी ने चार अलग-अलग मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

