जमशेदपुर : सोमवार की सुबह डिमना चौक निवासी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। महिला की पहचान एमजीएम थाना क्षेत्र के डिमना चौक निवासी संगीता कुमारी (30) के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इधर, शंकोसाई रोड नंबर-2 में रहने वाले मृतका के मायके वालों ने पति टाटा मोटर्स कर्मी पवन यादव, ससुर देवीप्रसाद यादव समेत अन्य ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, मृतका के 2 साल के बेटे ने बताया कि पापा और दादा ने मां की गला दबाकर हत्या कर दी।
मृतका का पति अक्सर शराब के नशे में करता था मारपीट
मायके वाले मेडिकल बोर्ड की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहे है। पति और ससुर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मृतका के पिता निसार यादव ने बताया- दामाद अक्सर नशे में बेटी के साथ मारपीट करता था। रविवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। दोनों के बीच विवाद की जानकारी मिलने के बाद वे लोग समझौते के लिए बेटी के ससुराल गए थे। रात एक बजे विवाद सुलझाने के बाद वे लोग अपने घर वापस आ गए।
वहीं, सोमवार की सुबह 4 बजे पुलिस ने उन्हें बेटी के मौत होने की जानकारी दी। वे लोग पहुंचे तो बेटी जमीन पर पड़ी हुई थी। इधर, मृतका के 2 साल के बेटे आर्यन ने पुलिस को बताया है कि दादा और पिता ने मां की गला दबा हत्या की है। थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने बताया- लिखित आवेदन मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

