जुगसलाई : जमशेदपुर में बिहार के युवक ने सरेराह युवती का गला रेता। पेट में चाकू घोंपा और हाथ-पैर से मारा भी। राहगीर तमाशा देखते रहे, युवती को बचाने की किसी ने हिम्मत नहीं दिखाई। लड़की की हालत नाजुक है। अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरी घटना CCTV में कैद हुई है। मामला सोमवार दोपहर जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत तपाड़िया कॉम्प्लेक्स के पास का है।
वारदात की शिकार हुई लड़की का नाम कंचन बताया जा रहा है। वह घर से किसी काम से बाजार के लिए निकली थी। इसी दौरान वह रास्ते में ठहर कर दूसरी लड़की से बात करने लगी। तभी पास की गली से युवक आया। पीछे से आकर चाकू से गला रेत दिया। उसके बाद उसे दौड़ाकर पेट में चाकू घोंपा और पीटा। पुलिस पूरे मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है।
घटना के बाद युवती सड़क पर गिर गई। स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ने का प्रयास किया। सबको चकमा देकर वह मौके से फरार हो गया। उसने अपनी बाइक घटनास्थल पर ही छोड़ दी है। पुलिस ने युवती को सदर अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने युवक की बाइक को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि युवती गौशाला रोड में किसी युवक के साथ लिव इन रिलेशन में रहती है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती पैदल ही निकली थी।
पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार
युवती पर हमला करने वाला आरोपी सुधीर कुमार सिंह है। घटना को अंजाम देने के 1 घंटे के अंदर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे बस स्टैंड से पकड़ा है। वह बिहार जाने के लिए बस में बैठ चुका था। पुलिस ने उसके पास से चाकू भी बरामद कर लिया है। सुधीर मूल रुप से बिहार के छपरा का रहने वाला है। वाहन चलाने का काम करता है। जुगसलाई में वह डीबी रोड में किराए के मकान में रहता है।
घटना को अंजाम देने के बाद वह पैदल ही मेन रोड पहुंचा, जहां से ऑटो में सवार होकर बस स्टैंड पहुंच गया। यहां उसने छपरा के लिए टिकट बुक की और बस पर बैठ गया। बस खुलने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभी केस दर्ज नहीं किया है। जांच जारी है।

