झारखंड के जामताड़ा जिले में हुए नाव हादसे में लापता और 6 लोगों के शव आज सोमवार को बरामद कर लिए गए हैं. पहरूडीह करमाटांड़ के अफरोज अंसारी की तलाश की जा रही थी. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी थी. काफी मशक्कत के बाद अफरोज का भी शव मिला. रविवार को सात शव नदी से निकाले गए थे. इससे पहले एक महिला का शव निकाला गया था. कुल 14 लापता लोगों में से सभी 14 के शव बरामद किए जा चुके हैं.
सोमवार को मिलने शव की पहचान वीरग्राम के मनेश मंडल और मोफिज अंसारी तथा पंजनिया के पांडेश्वर मोहली व रसिक बास्की तथा श्यामपुर के रशीद अंसारी तथा पहरुडीह निवासी अफरोज अंसारी के रूप में की गई है। इससे पहले रविवार को 7 तथा शनिवार को एक शव मिले। इसमें एक ही परिवार के 4 लोग शामिल थे।
इसकी पहचान मेंझिया मोमिनपाड़ा निवासी अबुल अंसारी, पत्नी जुबिदा बीबी, बेटी गुलफसा खातून, बेटा अशरफ अंसारी के रूप में की गई। इसके अलावा पंजनिया गांव के विनोद मोहाली,कर्माटांड प्रखंड के नवाडीह पंचायत के पहरूडीह निवासी तनवीर आलम तथा पश्चिम बंगाल की हलीमा खातून की लाश बरामद हो गई है। इससे पहले शनिवार को सहेला खातून का शव मिला था।
गुरुवार को हुई दुर्घटना में मरने वाले लोगों की तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) तथा स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पिछले 90 घंटे से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
घाट पर भारी पुलिस बल मौजूद
प्रशासन की टीम हादसे के बाद से ही मौके पर कैंप कर रही है। कई बार अधिकारियों को ग्रामीणों व स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद अधिकारी और पुलिस के जवान पूरी मुस्तैदी से अपने काम में जुटे हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के लोग भी मौके पर मौजूद हैं। एंबुलेंस की गाड़ियां मंगाई गई हैं।

