जिला मुख्यालय में नशे की रोकथाम को लेकर सदर थाना पुलिस ने एसडीपीओ अवध कुमार के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने जोबरईया अशोक बिहार से ढाई किलो गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि वरीय पुलिस पदाधिकारी को सूचना मिली कि शहर में नशे का कारोबार हो रहा है।
उसे रोकने के लिए एस डीपीओ के नेतृत्व में थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के साथ सात सदस्य टीम का गठन किया गया। टीम के साथ सदस्यों ने नशे की रोकथाम को लेकर विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सूचना मिला की जोबरईया अशोक बिहार में एक व्यक्ति गांजा लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस अशोक बिहार पहुंची तो सुनील सिंह के घर के पास कंधे पर एक व्यक्ति झोला लेकर जा रहा था।
जो पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ा ओर उसकी जांच किया गया तो उसके झोले से तीन पैकेट बरामद किया गया जिसमें ढाई किलो गांजा बरामद किया गया ।पकड़ा गया व्यक्ति की पहचान जोबरिया के अशोक बिहार के विनोद प्रसाद बिंद के रूप में हुई। पुलिस ने गिरफ्तार युवक को जेल भेज दिया है। छापेमारी टीम में सदानंद कुमार,मोहित कुमार, कृष्ण कुमार कुशवाहा,संजय कुमार,अजित कुमार पांडेय शामिल थे।

