पलामू पुलिस ने कल चुनाव आयोग की वेबसाइट ( Election Commission Website ) से छेड़छाड़ कर फर्जी आधार कार्ड और वोटर आइडी बनाने के मामले का खुलासा किया था. इस फर्जीवाड़े में पलामू साइबर पुलिस ( Palamu Cyber Police ) ने चैनपुर थाना के एक आरोपी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया था. फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी इस मामले में युवक से पूछताछ कर रही है. जानकारी के मुताबिक इस पूरे मामले का नेटवर्क यूपी और बिहार से भी जु़ड़ा हुआ है.
ऐसे दिया घटना को अंजाम
पूछताछ में मुकेश ने पुलिस को बताया कि गिरोह का सरगना रांची निवासी विकेश कुमार है. एक साल पहले रांची में उससे मुलाकात हुई थी. मुकेश ने बताया कि विकेश ही ह्वाटसअप के माध्यम से लिंक भेजता था. उसी लिंक के आधार पर वह आधार कार्ड व वोटर आइडी बनाता था. मामले की जांच कर रहे अधिकारियों का कहना है कि मुकेश ने चुनाव आयोग के वोटर आइडी बनाने वाले यूआरएल के साथ छेड़छाड़ की है. छेड़छाड़ कर वोटर आईडी तैयार किया गया है. ये इस काम को अंजाम देने का जिम्मा एक कंपनी को दिया गया था. पकड़े युवक ने यह भी बताया कि हजारीबाग में भी किसी को यह यूआरएल दिया गया है.
इसके माध्यम से ही वह वोटर आइडी, आधार कार्ड बनाता था. पलामू डीसी शशिरंजन ने भी इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि वेबसाइट से छेड़छाड़ करने की कोशिश की जा रही थी. इसकी सूचना चुनाव आयोग से मिलने के बाद तत्काल जांच करायी गयी. उसके बाद मामला दर्ज किया गया है. वहीं पलामू के साइबर थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि वेबसाइट को हैक करने के इरादे से छेड़छाड़ की गयी थी. पिछले एक साल से विकेश के साथ मिलकर मुकेश यह काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं पर अनुसंधान किया जा रहा है. जरूरत पड़ने पर आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जायेगी.

