चतरा: स्थानीय थाना क्षेत्र के झारखंड-बिहार सिमाना के गोसाईडीह गांव के समीप शुक्रवार की रात पुलिस ने अवैध विदेशी शराब के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 78 बोतल विदेशी शराब जब्त किया है। विदेशी अवैध शराब टेंपो से छुपाकर बिहार ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली और त्वरित कार्रवाई करते हुए तस्करों की योजना पर पानी फेर दिया। पुलिस ने टेंपो चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि टेंपो चालक तस्करी में लगातार संलिप्त रह रहा था। छापेमारी पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर हुई। छापेमार का नेतृत्व प्रशिक्षु डीएसपी धनंजय कुमार राम कर रहे थे। साथ में पुलिस निरीक्षक प्रमोद पांडेय, सहायक अवर निरीक्षक कांग्रेस यादव व जिला बल के जवान शामिल थे। जब्त शराब की बोतलों में एमपेरियल ब्लू के 35 बोतल, राॅयल स्टेंग के तीन तथा गौड फादर का 40 बोतल बीयर शामिल है। प्रशिक्षु डीएसपी ने बताया कि होली पर्व को लेकर शराब तस्कर झारखंड से शराब तस्करी कर बिहार में स्टाक कर रहे है।

