Ranchi : भारी बारिश को देखते हुए बिजली बोर्ड ने भी अलर्ट जारी किया है. बिजली वितरण निगम की ओर से सभी डिवीजन कार्यालय और एग्जीक्यूटिव इंजीनियरों को आदेश दिया गया है. जिसमें कहा गया है कि आने वाले तीन दिनों तक होने वाली भारी बारिश के मद्देनजर इंजीनियर्स अलर्ट मोड पर रहेंगे. किसी भी इलाके में बिजली खराब होने पर जल्द से जल्द मरम्मत करने का आदेश जारी है. बता दें मौसम विज्ञान विभाग की ओर से आने वाले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना है. इसे देखते हुए बिजली वितरण निगम की ओर से भी अलर्ट जारी किया गया है.
शहरी और ग्रामीण इलाकों में जल्द हो मरम्मत
जारी अलर्ट के अनुसार शहरी इलाकों में छह घंटे के भीतर मरम्मत करने का आदेश जारी है. वहीं ग्रामीण इलाकों में 48 घंटे में बिजली मरम्मत करने का आदेश है. निगम की ओर से पहले भी ये आदेश दिये गए है. रांची आपूर्ति कार्यालय की मानें तो इस क्षेत्र मे रांची, लोहरदगा, सिमडेगा, गुमला और खूंटी जिला शामिल है.
स्टॉक रखने का भी मिला आदेश
फीडर चेकिंग आदि के साथ ट्रांसफोर्मर खराब होने पर, जल्द से जल्द बदलने की तैयारी की गयी है. जिसके लिये आवश्यक उपकरण स्टॉक में रखने का आदेश जारी है. ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल रखने के लिये सुरक्षात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है. ग्रिड सब स्टेशन और डिवीजन कार्यालय में इंजीनियरों में तैयार रहने का आदेश है. ऐसे में, किसी इलाके से बिजली में खराबी की बात आने पर मरम्मत किया जा सकें.

