पूरवइया और पछिया हवा के मिलन से झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. अगले दो-तीनों तक आसमान में बादल छाये रहेंगे. वहीं, गर्मी तो रहेगी, लेकिन लू चलने की संभावना नहीं के बराबर रहेगी. मौसम विभाग ने बादल छाये रहने और फिर 25 मार्च से राज्य में मौसम साफ रहन की संभावना जतायी है.
अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं
मौसम केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि पिछले 24 घंटे में राज्य के उत्तर पश्चिम भाग में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई है. वहीं, शेष भागों में मौसम शुष्क रहा है. कहा कि राज्य में अगले 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. वहीं, सबसे अधिक बारिश 2.4 मिलीमीटर डालटनगंज में दर्ज की गयी है.
आंशिक बादल छाये रहेंगे
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, फिलहाल मौसम तो शुष्क रहेगा, लेकिन आसमान में आंशिक बादल छाये रहेंगे. यह स्थिति 25 मार्च, 2022 तक रहेगी. इस दौरान आंशिक बादल छाये रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है. इसके बाद 26 मार्च से राज्य में मौसम शुष्क रहेगा और अासमान मुख्यत: साफ रहेगा.

