रांची: काेराेना संक्रमण काे नियंत्रित करने के लिए राज्य में चल रहे लाॅकडाउन (स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह) में रविवार से सख्ती बढ़ा दी गई। बाजारों में भी आज पहले की तुलना में काफी कम भीड़ रही। सख्ती का असर सबसे ज्यादा सड़कों पर दिखा। बिना वजह घूमने वालों ने आज घर पर ही रहना उचित समझा। क्योंकि बिना ई-पास लोग अपने वाहनों से नहीं चल सकते हैं। हर चौक-चौराहे पर पुलिस तैनात नजर आई जो हर आने-जाने वालों से ई-पास देख रही है। जिनके पास ई पास नहीं, उन्हें फटकार लगा पुलिस वापस घर भेज रही है।
रांची, जमशेदपुर, दुमका, गढ़वा, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा समेत कई जिलों में पुलिस ई-पास को लेकर वाहनों की जांच में जुटी हुई है। झारखंड से दूसरे राज्य की लगने वाली सीमाओं पर भी पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। गिरिडीह के डुमरी में बाजारों में अन्य दिनों की अपेक्षा भीड़ काफी कम देखी गई। आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुली रही। निजी फोर और टू व्हीलर का आवागमन न के बराबर रहा। वाहनों की आवाजाही पर पुलिस लोगों से पूछताछ कर रही है। सुबह से डुमरी और निमियाघाट की पुलिस अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों में ई-पास की जांच करते देखी गई। पास नहीं होने के कारण कई वाहनों को लौटा दिया गया।
वहीं, दुमका में भी सदर प्रखंड कार्यालय के पास पुलिस-प्रशासन वाहनों से ई-पास जांच कर रही है। गढ़वा में झारखंड-उत्तर प्रदेश बॉर्डर और सिमडेगा में झारखंड-ओडिशा सीमा पर भी पुलिस मुस्तैद है और हर आने-जाने वालों से पूछताछ कर रही है।
हालांकि इस दौरान गढ़वा के रमना में टेंपो में अत्याधिक सवारियों को भरकर चलते देखा गया। बाइक सवार भी बिना ई-पास के आवागमन करते रहे। हालांकि पुलिस ने लाॅकडाउन के जारी गाइडलाइन को पालन कराने के लिए सर्वेश्वरी चौक, हरी गणेश मोड़, शहीद भगत सिंह चौक एवं रमना बाजार में सख्ती दिखाई। साथ ही बाइक सवारों को बिना ई-पास के यात्रा करने पर फटकार लगाते हुए कड़ी चेतावनी दी।
इधर, मेदिनीनगर में बिना पास के निकलने वाले वैसे लोग जो पुलिस जांच में उचित कारण नहीं बता पाए, उनसे जुर्माना वसूला गया। ट्रैफिक प्रभारी आरएन सरस ने बताया कि 9 बाइक चालकों से 500-500 रुपया जुर्माना लिया गया। करीब 500 वाहनों की जांच की गई, जिसमें काफी कम लोगों ने ई-पास बनवाया था। सभी को आज ही ई- पास बनवाने की हिदायत देकर छोड़ा गया।
हजारीबाग के कटकमसांडी और पेलावल पुलिस बिना मास्क और ई-पास के आवागमन करने वालों के खिलाफ सख्ती से पेश आती नजर आई। वाहनों को रोककर जांच पड़ताल की गई। जांच के दौरान बिना मास्क लगाए हुए लोगों को जहां पुलिस उठक-बैठक करवाने के बाद चेतावनी देकर छोड़ रही है, वही बिना कारण और ई-पास साथ में नहीं रखने वालों के खिलाफ भी पुलिस कानून सम्मत कार्रवाई कर रही है।

