झारखंड विधानसभा की नई बिल्डिंग में नमाज पढ़ने के लिए कक्ष आवंटित किया गया है। इस संबंध में झारखंड विधान सभा सचिवालय की ओर से गुरुवार को आदेश जारी किया गया है। इसके साथ ही विधानसभा के कक्ष संख्या 348 को नमाज पढ़ने के लिए आरक्षित किया गया है। अधिसूचना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए झारखंड के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता सीपी सिंह ने कहा है कि हम नमाज के लिए कक्ष आवंटित किए जाने के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन हमें विधानसभा भवन परिसर में हनुमान मंदिर बनाने की अनुमति मिलनी चाहिए। अगर विधानसभा अध्यक्ष मंदिर बनाने की अनुमति प्रदान करते हैं, तो हम अपने खर्च पर इसे तैयार कराने की जिम्मेदारी लेते हैं।
झारखंड विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ विधायक सीपी सिंह ने कहा कि नमाज पढ़ने के लिए जगह दे रहे हैं, तो पूजा करने के लिए हनुमानजी का मंदिर भी विधानसभा परिसर में बनाया जाए। पुराने विधानसभा परिसर में नमाज पढ़ने के लिए स्थान आवंटन पर उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

