चतरा: चतरा जिला पुलिस ने अफीम तस्वीरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए, 43 किलो अफीम के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों में गेंदालाल सिंह, दिलीप कुमार व उपेंद्र कुमार शामिल है। यह जानकारी एसडीपीओ अविनाश कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अंतरराष्ट्रीय अफीम तस्कर राजपुर थाना क्षेत्र में सक्रिय है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित दल राजपुर थाना क्षेत्र के प्रेम का गांव पहुंचा। गांव में छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में तीन युवक बाइक से आ रहे थे। पुलिस कर्मियों को देखकर युवक बाइक को वापस मोड़ने लगे। इस बीच जवानों ने खदेड़ कर उन्हें पका दिया।
तलाशी के क्रम में उनके पास से दो अलग-अलग प्लास्टिक के थैलों में 43 किलो अफीम बरामद हुआ। जवानों ने तीनों तस्करों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार तस्करों के पास से एक बाइक और 9000 रुपये नगद बरामद हुए हैं।
एसडीपीओ ने बताया कि छापेमारी अभियान में एसडीपीओ अविनाश कुमार के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक सह थाना प्रभारी विकास पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार शर्मा, शिवकुमार प्रसाद साह, सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

