झारखंड को नक्सलमुक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा सरेंडर पॉलिसी ‘नई दिशा’ के तहत बुधवार को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन माओवादी के सब जोनल कमांडर विष्णु दयाल नगेशिया व एरिया कमांडर आकाश नगेशिया ने सरेंडर किया. दोनों नक्सलियों ने जिले के डीसी, एसपी, व CRPF कमांडेंट सहित अन्य सीनियर अधिकारियों के समक्ष सरेंडर किया. समर्पण नीति के तहत दोनों को एक-एक लाख रुपये व पुर्नवास की व्यवस्था करने की बात कही गयी.
माओवादियों द्वारा सरेंडर करने के बाद लोहरदगा डीसी दिलीप कुमार टोप्पो व एसपी प्रियंका मीणा ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया. डीसी श्री टोप्पो ने कहा कि झारखंड सरकार की सरेंडर पॉलिसी ‘नई दिशा’ के तहत सरेंडर करनेवाले नक्सलियों को तमाम सुविधाएं मुहैया करायी जायेगी. पुलिस के लगातार बढ़ते दबिश तथा संगठन के आंतरिक शोषण से परेशान होकर दोनों नक्सलियों ने झारखंड सरकार के आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर सरेंडर किया है.

