जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन से शुक्रवार 1 जुलाई को टाटा-जम्मू-तवी ट्रेन का पुनः परिचालन शुरू हो गया है। वहीं सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, पटना तख्त हरमंदिर साहिब जी के महासचिव इंद्रजीत सिंह, झारखंड सिख प्रदेशाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, पूर्व पोटका विधायक मेनका सरदार ने संयुक्त रुप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। साथ ही ट्रेन ड्राइवर अभिमन्यु सिंह को माला पहनाकर सम्मानित भी किया गया। उल्लेखनीय है कि सांसद विद्युत वरण महतो ने पिछले बजट सत्र में मामले को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष रखा था। टाटा-जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन जो काफी लंबे समय से रांची से चल रही थी, पुनः उसका परिचालन टाटानगर रेलवे स्टेशन से शुरू किया जाए। उन्होंने कहा था कि सीधी ट्रेन ना होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। टाटा-जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन प्रारंभ होने पर अपनी प्रसन्नता जाहिर करते हुए सांसद ने तिरुपति से कहा कि टाटानगर रेलवे स्टेशन से यात्री सुविधाओं में निरंतर वृद्धि के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और आने वाले दिनों में टाटानगर रेलवे स्टेशन से और भी यात्री ट्रेनों के रुप में सुविधाओं की सौगात मिलेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि टाटा-जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन पूर्व की भांति सप्ताह के सातों दिन यहां से चले। बताते चलें कि सांसद विद्युत वरण महतो के लगातार प्रयास से जम्मू तवी और जलियांवाला बाग ट्रेन फिर से प्रारंभ हो गई है। इस अवसर पर सिख समाज के लोगों ने लड्डू वितरण कर अपनी खुशी भी जाहिर की। इससे पूर्व सिख समाज के लोगों ने रेलवे कर्मचारियों एवं सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया। मौके पर रेलवे स्टेशन प्रबंधक समेत भाजपा नेता कुलवंत सिंह बंटी, सतवीर सिंह सोमू, जिला मंत्री मनजीत सिंह, पप्पू सिंह, नवजोत सिंह, जसवंत सिंह, जसवीर सिंह, चंचल भाटिया, संजय सिंह, संदीप शर्मा, चंचल चक्रवर्ती, त्रिदेव चट्टराज, धनंजय उपाध्याय, विमलेश उपाध्याय, ललन यादव, राजकमल यादव, राकेश गिरी, देवाशीष झा, अशोक घोष समेत कई गुरुद्वारों के प्रधान भी मौजूद थे।

