दुमका: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रिंग रोड में नेतुरपहाड़ी के समीप बुधवार को हाइवा की टक्कर से आटो सवार 11 लोग जख्मी हो गए। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से फूलो झानो मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक हाईवा छोड़कर भाग निकला। सभी घायल रामगढ़ के सिंदुरिया के रहनेवाले हैं। चार अप्रैल को नवाडीह के कुंजन राय की बेटी की शादी थी। मंगलवार को घर के 11 लोग दुर्योधन राय, आटो चालक महेंद्र भगत, चंदन राय, प्रदीप राय, हरिहर राय, श्री प्रसाद राय, मंजू राय, जगबंधु राय, मसूदी राय, उदित राय और त्रिपुरारी राय बेटी को पहुंचाने के लिए घासीपुर स्थित शिव मंदिर गए हुए थे। रात को सभी ने समारोह में भाग लिया।
सुबह सभी लोग आटो से घर लौट रहे थे। नेतुर पहाड़ी के पास सामने से आ रहे हाइवा ने आटो में टक्कर मार दी। जिससे वाहन पलट गया और सवार सभी लोग जख्मी हो गए। इसकी सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। गनीमत यह रही कि उदित को छोड़कर किसी को गहरी चोट नहीं आई। हालांकि, सभी की हालत खतरे से बाहर है। थाना प्रभारी उमेश राम ने बताया कि हादसे के बाद हाइवा का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। वाहन को जब्त कर सभी घायल का इलाज कराया जा रहा है।

