रांची: दुर्गा पूजा को लेकर जिले की विधि व्यवस्था पुख्ता होगी। शनिवार को उपायुक्त एवं एसएसपी ने संयुक्त आदेश जारी किए हैंl जिला प्रशासन ने दुर्गा पूजा समितियों से अपील की है कि कोविड-19 की आशंका को देखते हुए पूजा में आडंबर न करें l आकर्षक लाइट साउंड बॉक्स आदि का उपयोग वर्जित रहेगा l पंडाल में विराजमान माता की प्रतिमा को कपड़ा से चारों ओर से ढंकने का निर्देश दिया गया है l
जबरन चंदा वसूली की शिकायत पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी l षष्टी से विजयादशमी तक पूजा समितियों को कोविड-19 को लेकर सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पालन आवश्यक होगा l प्रत्येक पंडाल में सादे लिबास के साथ पर्याप्त संख्या में वर्दीधारी पुलिस बल तैनात रहेंगे l संवेदनशील स्थलों पर संबंधित थाना क्षेत्र के थाना प्रभारी से विशेष गश्त लगाने एवं अपराधिक प्रवृति के लोगों पर नजर रखने की हिदायत दी गई हैl
शहर के महत्वपूर्ण पूजा पंडालों में षष्टी से विजयादशमी तक विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा l सुरक्षा के लिहाज से शहर को 7 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में दंडाधिकारी व डीएसपी के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती होगी l वहीं जोनवार नियंत्रण कक्ष बनाकर पूरी स्थिति पर नजर रखी जाएगी l
राजधानी में इन जलाशयों में पूजा विसर्जन
जिला प्रशासन में विसर्जन के लिए 16 अक्टूबर की तिथि निर्धारित की है l रांची के बड़ा तालाब, लाइन टैंक तालाब, बटन तालाब, मछली घर तालाब, जगन्नाथपुर तालाब, हटिया डैम, कांके डैम, जेल मोड़ तालाब में विसर्जन की व्यवस्था की गई हैl

