बेंगलुरु में इंडियन प्रीमियर लीग का मेगा ऑक्शन खत्म होने के बाद कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी सोमवार को माता के दरबार में पहुंचे। उन्होंने रांची के देवड़ी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी ने बताया देवड़ी माता पर महेंद्र सिंह धोनी की अपार आस्था है। कोरोना महामारी के कारण वह लंबे समय तक पूजा-अर्चना के लिए नहीं आ सके थे। सोमवार को वह अपने दोस्त के साथ पूजा के लिए पहुंचे।
करीब 15 मिनट तक की पूजा अर्चना
महेंद्र सिंह धोनी ने करीब 15 मिनट तक देवड़ी मंदिर में पूजा अर्चना की। इस दौरान मंदिर के पुजारी ने आरती कराई। महेंद्र सिंह धोनी को देखने के लिए मंदिर में लोगों की भारी भीड़ लग गई। लोग महेंद्र सिंह के साथ पूजा-अर्चना करते हुए तस्वीरें लेने के लिए उमड़ पड़े। सुरक्षा में लगे पुलिस के जवानों को लोगों को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

