धनबाद: वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए जिले भर में चल रही कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान में लगातार लापरवाही सामने आ रही है. शहर के सदर अस्पताल में शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्र से लोग वैक्सीन लेने पहुंचे. लेकिन अस्पताल में व्यवस्था का अभाव देखने को मिला. जिसकी वजह से भीड़ एकत्र हो गयी और लोग हंगामा करने लगे. हंगामे की खबर पर पुलिस पहुंची और व्यवस्था को बहाल करने की कोशिश की.
वहीं लोगों का कहना है कि जिले में वैक्सीन की कमी है. स्वास्थ्य विभाग व वैक्सीनेशन से जुड़े पदाधिकारियों द्वारा स्पष्ट नहीं करने की वजह से जिले में कई बंद सेंटर पर भी लोग पहुंच रहे हैं.इस बाबत स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन स्थिति को स्पष्ट नहीं कर पा रही है. जिससे कई सेंटरों पर अनावश्यक भीड़ एकत्र हो रही है और वहां हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो रही है.

