धनबाद के लोयाबाद में न्यायालय के आदेश में लोयाबाद पुलिस ने बुधवार को एकडा बाबु क्वार्टर निवासी सरोज राम के खिलाफ ज्यादती करने का असफल प्रयास, छेड़खानी, मारपीट व छीनतई सहित अन्य धाराओं में कांड अंकित कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने यह कार्रवाई आरोपित युवक के पडोसी मुकेश ठाकुर की पत्नी मोनी देवी के द्वारा न्यायालय में दायर परिवाद के आधार पर की है। उक्त महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह अपने घर में अपने तीन बच्चों के साथ अकेली रहती है। 28 अक्टुबर को पडोसी महिला के साथ दातुन फेंकने के सवाल पर झगड़ा हुआ था। दोनों के बीच नोकझोंक हो रही थी कि इसी बीच उक्त महिला का पुत्र वहां आ धमका और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला ने युवक पर घसीट घसीट कर पीटने उसके दुधमुंहे बच्चे फेंक देने, छेड़छाड़ करने व ज्यादती का असफल प्रयास करने का आरोप लगाई है । कहा कि वे अपनी शिकायत लेकर थाने गई थी और तत्कालीन थाना प्रभारी चुन्नु मुर्मू से न्याय दिलाने की मांग की। लेकिन उन्होंने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। बल्कि उसे ही एक सादे कागज पर हस्ताक्षर करा कर थाने से भगा दिया गया।

