धनबाद में गुरुवार की सुबह हुए सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है। घटना कोलकाता से दिल्ली जाने वाले मार्ग NH 2 पर हुई। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत जोड़ा पीपल के समीप सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे खड़ी ट्रक को टक्कर मार दी। इससे कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वाले लोगों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
घटना के बाद घटनास्थल पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम मौक पर पहुंची। कार में फंसे लोगों के शव निकालने के लिए आम लोगों की मदद ली गई। पुलिस व स्थानीय लोगों ने घंटों मशक्कत की । इसके बाद किसी तरह दोनों लाश को बाहर निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्विफ्ट की रफ्तार काफी तेज थी। अंदाजा लगाया जा रहा है कि कोहरे के कारण कार चालक को सड़क के किनारे खड़ा ट्रक नहीं दिखा। कार ने ट्रक के पीछे से टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कार हजारीबाग के नगमा से धनबाद आ रही थी।
गाड़ी में बरामद कागजात के आधार पर मृतकों के परिवार से संपर्क किया जा रहा है। वहीं दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि परिवार के लोगों के पहुंचने के बाद ही मरने वाले लोगों की पहचान हो सकेगी।

