रांची के ऑटो चालक जल्द ही नीले रंग की वर्दी में दिखेंगे। रांची जिला ऑटो चालक यूनियन ने इसकी पहल की है। शुक्रवार को किशोरी यादव चौक पर हुए कार्यक्रम में 30 ऑटो चालकों को नीली वर्दी दी गई। नीली वर्दी बंडी की तरह है जो आसानी से पहना जा सकेगा। इस मौके पर आरटीए सचिव व उप परिवहन आयुक्त निरंजन कुमार ने बताया कि अभी फिलहाल 30 ऑटो चालकों को ही वर्दी दी गई है।
यूनियन ने 15 दिन का और समय मांगा है। आगे 500 ऑटो चालकों को वर्दी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि रांची में 5000 ऑटो चालकों को परमिट दिया गया है। योजना है कि और भी ऑटो चालकों को परमिट दिया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत ऑटो में फर्स्ट एड बॉक्स भी रखना अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही ऑटो चालकों को अपने ऑटो के शीशे पर रेट चार्ट भी लगाना होगा। अगर इसमें कोताही बरती या पकड़े गए तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
यातायात डीएसपी जीतवाहन उरांव ने कहा कि ऑटो चालकों को वर्दी देने से अपराध पर नियंत्रण किया जा सकेगा। नई व्यवस्था से ऑटो चालकों की पूरी आईडेंटिफिकेशन हो सकेगी। तत्काल उनकी पहचान हो पाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि चौक चौराहों पर अब ऑटो खड़ा करने पर उनसे जुर्माना लिया जाएगा। ऑटो चालकों को चौक-चौराहों से 50 मीटर की दूरी पर ही खड़ा करना होगा। अगर इसमें कोताही बरती गई तो मोटरवाहन अधिनियम के तहत कार्यवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। ऑटो चालकों को भी नियमों का पालन करना होगा। इस अवसर पर यातायात डीएसपी कपिन्दर उरांव ने भी ऑटो चालकों को सभी नियमों के पालन करने की बात कही।
यूनियन अध्यक्ष अर्जुन यादव ने कहा कि पहली बार ऐसा हो रहा है कि ऑटो चालकों को वर्दी दी गई है। सिस्टेमैटिक तरीके से किया जा रहा है। इससे यात्रियों के साथ होने वाले किच-किच को खत्म किया जा सकेगा। अर्जुन यादव ने कहा कि पूरी रांची में केवल एक मात्र स्टैंड रातू ऑटो स्टैंड है। यहां पर करीब 100 ऑटो लगाने की क्षमता है। शहर में और ऑटो स्टैंड बनाए जाने की जरूरत है।

