खूंटी में पति-पत्नी के बीच विवाद जानलेवा साबित हुआ। जिले के तोरपा थाना क्षेत्र के रायशिमला गांव के एक घर में दंपती के बीच झगड़े के बाद पत्नी ने खुद के ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा ली। महिला ने अस्पताल ले जाए जाने के दौरान दम तोड़ दिया। बारकुली पंचायत के रायशिमला में गुरुवार को देर रात बिरसा प्रधान 36 वर्ष उसकी व 34 वर्षीया पत्नी तेतरी देवी के बीच नशे की हालत में कुछ बात को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद तेतरी देवी घर के अंदर घुस गई और अपने ही ऊपर केरोसिन तेल छिड़क कर खुद को आग के हवाले कर लिया।
चिल्लाने के बाद पड़ोसियों ने आग बुझाने की कोशिश की
इसके बाद जब अंदर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आईं तो किसी तरह लोग अंदर गए और आग बुझाई। लेकिन तबतक वह लगभग 70 से 75 प्रतिशत तक जल चुकी थी। इसके बाद उसी हालात में 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सदर अस्पताल खूंटी ले जाया गया। जहां गंभीर हालात को देखते हुए उसे रांची रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ले जाने के क्रम में ही उसने दम तोड़ दिया।
