पलामू प्रमंडलीय कार्यालय की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम में 5000 रुपये की रिश्वत लेते पंडवा थाने के सहायक अवर निरीक्षक मुन्ना लाल जामुदा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ASI ने झरी गांव निवासी मुन्ना प्रसाद नाम के व्यक्ति से कोर्ट में केस डायरी भेजने के बदले 15 हजार रुपये की घुस की मांग की। इसमें 5000 रुपये तत्काल देने के लिए कहा। ऐसा नहीं करने पर युवक को जेल भेजने की धमकी दी गई। मुन्ना प्रसाद ने मामले की शिकायत ACB कार्यालय में कर दी।
आवेदन के तथ्यों का सत्यापन करने के बाद आरोप सही पाया गया। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया। टीम ने मंगलवार को छापा मारकर आरोपी ASI को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामले के शिकायतकर्ता ने इस मामले में दिए गए अपने आवेदन में बताया कि एक फरवरी को वादी और उसके छोटे भाई पप्पू प्रसाद गुप्ता के खिलाफ पंडवा थाने में कोयला चोरी के मामले में केस पंजीकृत किया गया। पुलिस ने 2 फरवरी को इस मामले में छोटे भाई को जेल भेज दिया।
इस कांड में अभियुक्त होने के कारण शिकायतकर्ता ने दोनों भाई के जमानत के लिए पलामू न्यायालय में अपील दायर की। इस दौरान वह आरोपी ASI मुन्ना लाल से मिला। अग्रिम जमानत के मामले में सुनवाई के लिए कोर्ट में केस डायरी भेजने का अनुरोध किया। आरोप है कि पुलिस अधिकारी ने इसके बदले शिकायतकर्ता से पैसे की मांग की। पैसे नहीं भेजने पर जेल भेजने की धमकी दी। केस डायरी नहीं भेजने की बात कही। इसके बाद इस मामले में शिकायतकर्ता की ओर से ACB में आवेदन दिया गया।

