पलामू : झारखंड के पलामू जिले में चोरों का मनोबल बढ़ा हुआ है। 48 घंटे के अंदर दूसरी बार मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। मेदिनीनगर शहर थानाक्षेत्र के नवाटोली में स्थित ललित श्रीराम मंदिर से चांदी के 12 मुकुट चोरी कर लिए गए हैं। इसके अलावा दानपेटी को क्षतिग्रस्त कर पैसे की निकासी कर ली गई है। चोरों ने दान पात्र का ताला तोड़ने के लिए भगवान शंकर के त्रिशूल का इस्तेमाल किया है। पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के लिए 4 लोगों को हिरासत में लिया है।
चोरी की इस घटना को शुक्रवार की देर रात अंजाम दिया गया। हर दिन की तरह मंदिर के पुजारी मंदिर में ताला बंद कर अपने घर चले गए थे। अपराधी दीवार लांघ कर परिसर में प्रवेश कर गए। । इसके बाद भगवान शंकर के त्रिशूल को उसके स्थान से उखाड़कर दान पेटी का ताला तोड़ा दिया गया। इस घटना में त्रिशूल भी क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके बाद मंदिर में रखी अलग-अलग प्रतिमाओं पर लगाए गए चांदी के मुकुट निकाल लिए गए। मंदिर में लगा पीतल का एक झाला भी गायब है। शनिवार की सुबह जब पुजारी और श्रद्धालु मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो उन्हें इसकी जानकारी मिलनी।
इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण महथा, प्रभारी रामजीत सिंह मंदिर में जांच के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर वर्ष दुर्गा पूजा के बाद दान पेटी को खोला जाता था। इस वर्ष इसे नहीं खोला गया था। मुहल्ले के निवासी रुपेश कुमार वर्मा, सुनील कुमार,नीरज कुमार,विशाल कुमार,सुंदर बिहारी,अभिषेक राज सहित अन्य लोगों ने इस घटना पर रोष जताया है।
ज्ञात हो कि ठीक 48 घंटे पहले करीब 100 वर्ष पुराने शिव मंदिर में चोरी कर हनुमान जी व मां पार्वती की मूर्तियों में लगी चांदी की आंख निकाल ली गई। अपराधियों द्वारा लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने के कारण लोगों में भारी नाराजगी है। पुलिस पर तत्काल कार्रवाई का दबाव बनाया जा रहा है। अब तक की जांच में पता चला है कि राम मंदिर में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था। लेकिन कुछ समय से वह काम नहीं कर रहा था।

