पलामू में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इसमें एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना शाहपुर-गढ़वा मुख्य मार्ग पर नई मोहल्ला के पास सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई। बताया जा रहा है कि चैनपुर प्रखंड के ननफुलिया कंकारी निवासी महिला सहित 3 लोग एक बाइक पर सवार होकर आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में लगनी कुमार (65 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं छोटू चौधरी (20 वर्ष) व रमेश चौधरी (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
इन्हें इलाज के लिए MMCH अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शाहपुर-गढ़वा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के परिजनों के लिए मुआवजा की मांग कर रहे थे।करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे प्रखंड विकास पदाधिकारी, चैनपुर थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारियों ने जिला परिषद सदस्य संटू चौरसिया, शैलेंद्र कुमार सैलू एवं सांसद प्रतिनिधि भोला पांडे के सहयोग से लोगों को समझा कर धरना प्रदर्शन खत्म कराया। परिजनों के द्वारा चैनपुर थाने में ट्रक मालिक एवं ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

