पलामू: एक तरफ पर्यावरण में बदलाव का नुकसान लोग उठा रहे हैं,वंही दूसरी ओर कोरोना कहर बरपा रहा है। मसला पर्यावरण संरक्षण का हो या कोरोना से बचाव का लोगों की लापरवाही साफ नजर आती है। ऐसे हाल में डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर पदस्थापित टीटीई बीएम पांडेय ने पुलिस के सहयोग से लोगों की जान बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अनोखी पहल की है। सोमवार को दो नंबर टाउन में टीओपी टू के पास मास्क न पहनने और हेलमेट न पहन कर बाइक चलाने वाले राहगीरों के बीच पौधा वितरण किया गया।
टीओपी टू प्रभारी रामजीत सिंह और ट्रैफिक प्रभारी आरएन सरस इस अनोखे अभियान का हिस्सा बने। गाड़ी सवार, पैदल राहगीर, रिक्शा चालक सभी को पौधा देकर मास्क पहनने और हेलमेट लगाने की अपील की गई। टीटीई बीएम पांडेय का मानना है कि मास्क, हेलमेट, पौधा तीनों हमारे जीवन के रक्षक हैं। इस अभियान से लोगों में मास्क पहनने, हेलमेट लगाने के साथ ही पौधा रोपण के प्रति भी जागरूकता आएगी।

