पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थानाक्षेत्र में सुरक्षा बलों और उग्रवादी संगठन PLFI के दस्ते के बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने इसकी पुष्टि की है। चाईबासा पुलिस, CRPF और खूंटी पुलिस की ओर से चलाए जा रहे संयुक्त ऑपरेशन में गुरुवार की सुबह करीब 6.30 बजे गुदड़ी थानाक्षेत्र के टेमना क्षेत्र में यह वारदात हुई है। अब तक इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सुरक्षा बलों को सूचना मिली कि पिछले कई दिनों ने पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया(PLFI) सुप्रीमो दिनेश गोप अपने दस्ते के साथ इलाके में छिपा हुआ है। जांच के दौरान जंगल के इलाके में कुछ हरकत हुई। इस बीच जवानों को अपने नजदीक पहुंचते हुए देखकर उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस व CRPF की ओर से इसका जवाब दिया गया। दोनों तरफ से कई 46 राउंड फायरिंग हुई।
मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को भारी पड़ता देख PLFI उग्रवादी जंगल में भाग गए। मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन में उग्रवादियों के कई सामान बरामद हुए हैं। जिसमें हथियार और गोला बारूद शामिल हैं। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी है। आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

