गिरिडीह: लगातार हो रही बारिश ने पूरे गिरिडीह जिले में कहर बरपा दिया है। बारिश के कारण दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। पीरटांड़ प्रखंड के बांध पंचायत अंतर्गत केंदुआडीह गांव में बारिश के कारण जहां घर धंसने से दंपती की मौत हो गई है वहीं सरिया प्रखंड के घुठिया पैसरा पंचायत अंतर्गत गरमुंडो खुर्द गांव में नदी के तेज बहाव में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
पीरटांड़ के केंदुआडीह गांव में 65 वर्षीय रुपलाल मांझी एवं उसकी 62 वर्षीय पत्नी शनिमुनि देवी बीती रात अपने घर में सो रही थीं। देर रात बारिश के कारण घर धंस गया। बगल के घर में सो रहे रुपलाल के बेटे विशु सोरेन को जब इसकी जानकारी हुई तो वह दौड़कर पहुंचा। गांव के लोगों को भी बुलाया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
इधर सरिया के गरमुंडो खुर्द निवासी 55 वर्षीय पूरन महतो की मौत गुरुवार की देर शाम बरसोती नदी के तेज जल प्रवाह में डूबने से हो गई। ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह शव को नदी से निकाल लिया। इस संबंध में भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय यादव ने बताया कि पूरन महतो गुरुवार को मवेशियों को चराने जंगल गए थे। इस दौरान गुरूवार की शाम बरसोती नदी के पलकिया दह में पैर फिसल जाने के कारण गिर गए और तेज जल धार में बह गए। सूचना मिलने पर उनके पुत्र पारा शिक्षक सुरेंद्र यादव समेत ग्रामीण पहुंचे। काफी खोजबीन की लकिन, कुछ भी पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह भी लोग खोज में निकले। घटनास्थल से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर दुर्गी धवैया स्थित एक पुलिया से कुछ दूर पहले उनकी लाश को लोगों ने बरामद किया। घटना की सूचना पाकर पूर्व विधायक नागेंद्र महतो, सांसद प्रतिनिधि बबलू मंडल, निवर्तमान मुखिया गोपाल यादव, शिवधान मंडल, शंकर मंडल, केदार सिंह, मुकेश यादव, पिंटू यादव, गोपाल शर्मा, अजय यादव सहित काफी संख्या में लोग पहुंचे। घटना की सूचना सरिया थाना पुलिस को नहीं दी गई है। स्वजन शव का पोस्टमार्टम कराना नहीं चाहते हैं। इसलिए पुलिस को सूचना नहीं दी गई है।

