साहेबगंज : महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की मौत मामले में साहेबगंज पुलिस ने आत्महत्या करार दिया है.शनिवार को साहेबगंज पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर रूपा के भावनाओं को आहत करने का दोषी उनके बैचमेट शिव कुमार कनौजिया माना है. जांच के बाद पुलिस अधिकारी मनीषा कुमारी और ज्योत्सना महतो के साथ-साथ मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा पर लगाए गए प्रताड़ना और षड्यंत्र रचने के आरोप को खारिज करते हुए तीनों को क्लीन चिट दे दिया है.
साहिबगंज पुलिस ने अपनी जांच में माना है रूपा तिर्की ने निजी और व्यक्तिगत कारणों से आत्महत्या की है. साहिबगंज में महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की के मौत मामले में रूपा की मां ने तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था. मां का कहना था कि बेटी की हत्या की गई है और तीन लोग इसमें शामिल हैं. मां ने बताया कि रूपा जब से थाना प्रभारी बनी थी तब से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी. दो महिला पुलिसकर्मी मनीषा और ज्योत्सना उसे परेशान करती थी. किसी न किसी बात को लेकर बराबर कहासुनी होती थी. परिजनों का आरोप था कि प्रभावशाली व्यक्ति पंकज मिश्रा भी इसमें शामिल है. रूपा रांची के रातू थाना अंतर्गत काठीटांड की रहने वाली थी. वह 2018 बैच के अवर निरीक्षक के रूप में बहाल हुई थी.
साहिबगंज में 2018 बैच की पुलिस अवर निरीक्षक रूपा तिर्की की खुदकुशी के बाद लोग बेहद गुस्से में हैं. इस मामले में लोगों ने सीबीआई जांच कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सीबीआई जांच की अनुशंसा करें. लोगों का कहना है कि रूपा ने खुदकुशी नहीं की बल्कि उसकी हत्या की गई है. सीबीआई जांच की अनुशंसा करने की मांग की है. सीबीआई जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा.

