जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना अंतर्गत पोस्तो नगर में जुआ अड्डे पर छापेमारी करने गई पुलिस पर पथराव के साथ साथ हाथापाई करने के मामले में पुलिस ने बस्ती के पांच लोगों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जिसमें बागबेड़ा पोस्तोनगर निवासी रामसुंदर यादव, बागबेड़ा नेहरू मैदान निवासी बच्चा तिवारी, बागबेड़ा कॉलोनी निवासी चंद्रदेव सिंह, नीरज कुमार और बिनोद कुमार शामिल हैं। बताते चलें कि रविवार की शाम जुआ अड्डे पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से जुआ खेलने का सामान और नकदी भी बरामद किया है। जिसके बाद सभी के खिलाफ पुलिस से हाथापाई करने, पुलिस वैन पर पथराव करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए थाने में पुलिस के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। वहीं घटना के बाद स्थिति बिगड़ने की सूचना पाकर एसएसपी डॉ. एम तमिल वणन खुद बागबेड़ा थाने पर पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने पकड़े गए छह लोगों से पूछताछ भी की थी। साथ ही लोगों को भी समझाया गया था। इस दौरान एसएससी ने साफ कहा था कि निर्दोष को जेल नहीं भेजा जायेगा। रविवार की शाम छह लोग पकड़े गए थे। जिसमें से एक को पुलिस ने जांच के बाद छोड़ दिया था। घटना के बाद बागबेड़ा थाने का घेराव करने और प्रदर्शन करने के बाद दूसरे दिन भी थाने पर पुलिस का पहरा लगाया गया है। साथ ही क्यूआरटी को भी तैनात कर दिया गया है और बिना पूछताछ के किसी को भी थाने के अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है। घटना के बाद से पुलिस पूरी तरह से चौकन्ना हो गई है।

