रांची: धोखाधड़ी के मामले में अभिनेत्री अमीषा पटेल की याचिका पर झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान उनकी ओर से जवाब दाखिल करने के लिए समय की मांग की गई, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। मामले में अगली सुनवाई 5 मई को होगी। इनके खिलाफ रांची जिले के हरमू के रहने वाले अजय कुमार सिंह ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। अजय कुमार सिंह को अमीषा पटेल ने फिल्मों में पैसे लगाने का ऑफर दिया था। फिल्म नहीं बनने पर अजय कुमार सिंह ने पैसे की मांग की तो अभिनेत्री अमीषा पटेल ने उन्हें चेक दिया, जो बाउंस हो गया था। इसके बाद मामला झारखंड हाई कोर्ट पहुंचा।
बताया जाता है कि यह मामला वर्ष 2017 का है। अदालत ने सुनवाई के दौरान कहा कि पांच मई तक यानी जवाब दाखिल करने तक अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ कार्रवाई पर रोक रहेगी। उनका जवाब दाखिल होने के बाद इस मामले पर अदालत आगे सुनवाई करेगी। अभिनेत्री अमीषा पटेल ने अदालत में एक याचिका दायर कर कहा है कि निचली अदालत में उनके खिलाफ दाखिल शिकायतवाद को निरस्त किया जाए। उन्होंने झारखंड हाई कोर्ट से इस मामले में न्याय देने की अपील की है। एक तरह से अदालत ने उन्हें राहत देते हुए तत्काल कार्रवाई करने पर रोक लगा दी है।
जानकारी के अनुसार, बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल की याचिका पर जस्टिस आनंद सेन की अदालत में सुनवाई चल रही है। अदालत ने अभिनेत्री अमीषा पटेल और अजय कुमार सिंह से पिछली सुनवाई में पूछा था कि क्या इस मामले को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाया जा सकता है। इस मामले में अदालत ने दोनों पक्षों को जवाब दाखिल करने को कहा था। अभिनेत्री की ओर से अभी तक जवाब दाखिल नहीं किया गया है।

