गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर से मंगलवार की देर शाम हजारीबाग के जमीन कारोबारी शमशेर आलम का अपहरण हो गया। बंदूक के बल पर अपहरण किया गया। इस दाैरान अपराधियों ने फायरिंग कर दशहत फैलाई। इसके बाद आलम को कब्जे में लिया। फिर बोलेरो पर बिठाकर अटका-बरही को निकल गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। हालांकि तब तक अपराधी इलाके से बाहर निकल चुके थे। इस घटना के बाद बगोदर में दहशत फैल गई।
शमशेर को बरही की ओर ले गए अपहरणकर्ता
जीटी रोड पर बगोदर के गैडा संतरूपा से मंगलवार की देर शाम हथियारंबद अपराधियों ने फायरिंग कर जमीन कारोबारी शमशेर आलम को अगवा कर लिया है। अपराधी जमीन कारोबारी को अपने साथ बोलेरो से बरही की ओर ले गए हैं। सूचना पाकर बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची है। मामले की जानकारी लेने के बाद पुलिस अपराधियों की तलाश में निकल पड़ी है लेकिन, तब तक अपराधी पुलिस की पकड़ से काफी दूर निकल चुके थे।
हजारीबाग के बिष्णुगढ़ के रहने वाले शमशेर
अगवा किया गया शमशेर हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ क्षेत्र का रहने वाला है। उसके पिता ग्रामीण चिकित्सक हैं। शमशेर बगोदर के गैडा संतरूपा में जीटी रोड किनारे एक आलीशान मकान बनवा रहा है। शाम को वह अपनी कार पर कार्यस्थल के निकट बैठा हुआ था। तभी अटका की ओर से एक सफेद रंग की बोलेरो गलत दिशा से उसके पास आकर रूकी। बोलेरो के साथ-साथ लाल रंग की अपाची बाइक से दो युवक भी पहुंचे। पहुंचते ही उनमें से एक युवक ने रिवाल्वर से हवाई फायरिंग की। इसके बाद शमशेर को उसकी कार से नीचे उतारकर बोलेरो में बैठाया। बोलेरो में चालक के अलावा दो युवक पहले से बैठा था। शमशेर को लेकर बोलेरो अटका-बरही की ओर निकल गई।

