लातेहार:सदर थाना क्षेत्र के होटवाग गांव से शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने बच्चा चोरी कर ले जाती एक महिला की पकड़कर पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से छुड़ाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई। जानकारी के अनुसार होटवाग निवासी कमलेश यादव के घर में रात गुजारने के बहाने से महिला रुक गई। सुबह मौका के फायदा उठाते ही कमलेश यादव के बेटा (आठ माह) व बेटी (4 वर्ष) को लेकर फरार हो गई।
परिजनों के खोजबीन के बाद पता चला कि उक्त महिला बच्चा चुरा कर भाग रही है। गांव में बच्चा चोर-चोर कहकर शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणों ने बच्चे की आवाज सुनकर डूड़ंगी कला खेत के आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों को देखने के बाद महिला अरहर के खेत में छिप गई थी। ग्रामीणों ने उसे ढूंढ कर निकाला और बच्चे को मुक्त कराया। वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने की महिला की जमकर पिटाई कर दी।
बच्चा चोरी की घटना से ग्रामीण काफी आक्रोशित थे। ग्रामीण महिला से बात कर रहे थे, इस बीच कुछ लोग घर से लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए और पीट दिया। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ा कर थाना लाकर पूछताछ कर रही है। इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि बच्चा चोर कहकर महिला की पिटाई की सूचना मिली है। महिला को थाने में लाकर पूछताछ कर रही है। जांच पड़ताल करने के बाद ही कुछ स्पष्ट रूप से बताया जा सकता है।

