देवघर: महा शिवरात्रि पर बाबा बैद्यनाथधाम मंदिर देवघर में प्रवेश के दाैरान बरकागांव की कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद और मंदिर प्रबंधक रमेश परिहस्त के बीच तू-तू मैं-मैं हो गई। यह मुद्दा तूल पकड़ रहा है। बुधवार को झारखंड विधानसभा में अंबा प्रसाद के दुर्व्यवहार का मुद्दा उठा। विधायकी मामलों के मंत्री आलमगीर आलम ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद देवघर जिला प्रशासन भी रेस है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जांच के आदेश दिए हैं।उपायुक्त ने कहा है कि महाशिवरात्रि के अवसर बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर में विधायक अम्बा प्रसाद से जुड़े मामले की जांच का आदेश दिया गया है।
उप विकास आयुक्त ताराचंद करेंगे जांच
जांच की जिम्मेदारी उप विकास आयुक्त कुमार ताराचंद को दिया गया है। 48 घंटे के अंदर उपायुक्त कार्यालय को तथ्यात्मक जवाब प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि जांच प्रतिवेदन के आलोक में कार्रवाई की जा सके।
क्या है मामला
महाशिवरात्रि के दिन बाबा मंदिर में पूजा करने के लिए हजारीबाग के बड़कागांव की विधायक अंबा प्रसाद अपने समर्थकों के साथ पहुंची थी. सुविधा नहीं मिलने एवं अव्यवस्था पर उन्होंने नाराजगी जतायी थी. इस दौरान मंदिर प्रबंधक रमेश परिहस्त और विधायक के बीच काफी कहा-सुनी भी हुई. इस पर विधायक नाराज होकर वहीं धरने पर बैठ गयीं और डीसी से बात करने की जिद करने लगी़ कुछ देर बाद डीसी से भी मिली और सारी बातों से अवगत कराया. उसके बाद विधायक को प्रबंधक ने फिल पाया के रास्ते से बाबा का जलार्पण कराया था.

