धनबाद के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डिगवाडीह बीसीसीएल न्यू कालोनी में रहने वाले बीसीसीएल कर्मी जीतन तांती की 55 वर्षीय पत्नी किरण देवी का शव घर में संदेहास्पद स्थिति में रविवार को मिला। सूचना पाकर जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन और लोगों से पूछताछ करने के बाद शव को कब्जे में किया। बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक महिला के पति जीतन और पुत्र करण को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जीतन ने पुलिस को बताया कि किरण के घर मे गिर जाने से 20 दिन पूर्व हाथ टूट गया था। उसका इलाज चल रहा था। शनिवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसकी घर पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने पूछताछ के बाद पति और पुत्र को छोड़ा
किरण देवी बीसीसीएल कर्मचारी किरण देवी की दूसरी पत्नी थी। जोड़ापोखर थाना प्रभारी राजदेव सिंह ने कहा कि पूछताछ के बाद फिलहाल मृतक के पति और पुत्र दोनों को छोड़ दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मामला का खुलासा हो पाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खिड़की तोड़ कर चोरी
धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार की रात में अपराधियों ने लोयाबाद नौ नंबर निवासी विजय नोनियां के आवास से करीब बीस हजार रुपये के सामान की चोरी कर ली। चोरी गए समानों में एक टीवी और दो साइकिल शामिल हैं। अपराधियों ने घटना का अंजाम आवास की खिड़की और ताला तोड़ कर दिया। घटना के समय आवास बंद था। गृहस्वामी और उसके स्वजन थोड़ी दूर पर अवस्थित दूसरे आवास में सो रहे थे। गृहस्वामी द्वारा इस संबंध में थाने में लिखित शिकायत नहीं की गई है। विजय नोनियां की मां ने बताया कि उस घर में लोग सोते हैं। लेकिन रात में कोई सोया हुआ नहीं था। अपराधियों ने इसी का फायदा उठाया। अपराधी कमरे की खिड़की तोड़ कर घर के अंदर प्रवेश कर गए। कमरे से टीवी और दो साइकिल ले गए।
