बेरमो: बोकारो जिले के अलग-अलग इलाकों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बेरमो थाना क्षेत्र के करगली डबल स्टोरी कॉलोनी स्थित क्वार्टर को शनिवार रात चोरों ने अपना निशाना बनाया। इस दौरान वह घर में रखे आभूषण, मोबाइल सहित करीब 4 लाख के सामान ले उड़े। यह वारदात विजय दास के क्वार्ट नंबर बी 25 में हुई है। वह CCL के B AND K एरिया के लैंड एंड रेवेन्यू विभाग में कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार विजय दास शनिवार की सुबह अपने ससुराल धनबाद गए थे। जहां से उन्हें रविवार की शाम को लौटना था। शनिवार की मध्य रात्रि को चोरों ने घर में हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना पाकर धनबाद से लौटे विजय दास ने घर जांच की। बताया कि उनके घर की कुंडी तोड़कर घटना को अंजाम दिया गया है। अलमारी का लॉक तोड़कर चोरों ने आभूषण व मोबाइल निकाल लिए। इलाके में पहरेदारी करने वाले व्यक्ति ने जब क्वार्टर का दरवाजा खुला हुआ देखा तो उसे चोरी की आशंका हो गई।
उसने आसपास के लोगों को जगाया। पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी को बुलाकर घटना की जानकारी दी। पुलिस तथा स्थानीय लोग चोर की तलाश में निकले। पास के नाली किनारे जेवरात का डब्बा फेंका हुआ मिला। चोर फरार हो चुके थे। इसके बाद क्वार्टर मालिक को सूचना दी गई। घटना के संबंध में दास ने बताया कि पलंग पर 1 बैग में लैपटॉप रखा हुआ था। इसे चोरों ने संभवतः सामान्य वस्तु समझकर हाथ नहीं लगाया। चोरों ने बाथरूम का इस्तेमाल किया । पीड़ित परिवार ने इस मामले में बेरमो थाने को लिखित आवेदन देते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। 24 घंटे में यह इलाके में हुई चोरी की दूसरी वारदात है। लगभग 6 माह के अंदर 12 से ज्यादा चोरियां हो चुकी है। इसमें किसी भी मामले का खुलासा पुलिस नहीं कर सकी है।

