बोकारो: बोकारो इस्पात संयंत्र में दुर्घटना के शिकार संयंत्रकर्मियों के मौत का सिलसिला लगातार जारी रहा है। बीते 30 नवंबर 2021 को संयंत्र के एसएमएस-दो सीसीएस विभाग में संयंत्रकर्मी योगेन्द्र कुमार के मौत की जांच अभी पूरी भी नही हुई की आज गुरुवार को फिर से आरएमएचपी विभाग में एक संयंत्रकर्मी दुर्घटना के शिकार हो गए। मृतक का नाम लालजी रजवार 53 वर्ष बताया जाता है। जो हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर नौ के निवासी थे। उनका मुल निवास रानीपोखर गांव में है।
जानकारी के अनुसार लालजी कंपनी में सीनियर आपरेटर थे। वे प्रथम पाली की ड्यूटी में लगभग दोपहर डेढ़ बजे टिपलर एरियर में कपलिंग को जोड़ने का काम कर रहे थे की अचानक वैगन की चपेट में आ गए। आनन-फानन में उन्हें पहले प्लांट मेडिकल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बीजीएच रेफर कर दिया। लेकिन इससे पूर्व ही उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद प्रबंधन ने मृतक के आश्रित स्वजन को कंपनी में स्थायी रुप से नियोजन देने के साथ मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी है।

