गिरिडीह : मंगलवार को जिले में आठ पुलिस पदाधिकारियों का तबादला एसपी के द्वारा किया गया. बताया जा रहा है कि इसके पीछे की वजह जिले में बिगड़ते विधि-व्यवस्था और गंभीर केस के निष्पादन में देरी है. एसआई प्रियंका कुमारी को महिला थाना से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है. वहीं जमुआ थाना में पदस्थापित एसआई मनीता कुमारी को महिला थाना का प्रभार सौंपा गया.
जबकि घोडथंबा ओपी प्रभारी रौशन कुमार को भी वहां से हटाकर पुलिस केंद्र भेज दिया गया है. बगोदर थाना में पोस्टेड एसआई ओमप्रकाश को अब घोडथंबा ओपी का प्रभारी नियुक्त किया गया है.जिले के नवडीहा ओपी प्रभारी सावन साहू को पुलिस लाइन भेजा गया, जबकि पीरटांड़ थाना के एसआई चंदन सिंह को नवडीहा ओपी का नया प्रभारी बनाया गया.
धनवार के परसन ओपी प्रभारी अभिषेक कुमार को परसर से लाइन हाजिर कर पुलिस लाइन भेजा गया, जबकि परसन ओपी में ही प्रतिनियुक्त अशोक कुमार टू को परसन का प्रभारी बनाया गया है.पुलिस सूत्रों की मानें तो लगातार बढ़ते आपराधिक घटनाओं और लंबित केसों के निष्पादन में बरती जा रही लापरवाही देखते हुए ये कदम उठाया गया है. पुलिस सूत्रों की माने तो कई और अधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है.

