धनबाद रेल मंडल के कोडरमा-गोमो रेलखंड पर शुक्रवार की मध्य रात्रि मालगाड़ी के इंजन से एक हाथी की टक्कर हो गई. इस कारण हाथी की मौत हो गयी. इससे अप तथा डाउन लाइन पर घंटों ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा. कई ट्रेनों को मार्ग परिवर्तित कर चलाया गया. काफी मशक्कत के बाद हाथी का शव पटरी से हटाया गया. इसके बाद परिचालन सामान्य हुआ.
कई घंटे परिचालन बाधित
जानकारी के अनुसार कोडरमा से गोमो की ओर आ रही एक मालगाड़ी की चपेट में हाथी आ गया. इससे घटनास्थल पर ही हाथी की मौत हो गयी. घटनास्थल गडैया बिहार हॉल्ट तथा चिचाकी स्टेशन के बीच पोल संख्या 338/04 के निकट की है. मालगाड़ी के लोको पायलट आइयू अंसारी तथा सहायक लोको पायलट अखिलेश कुमार साह ने देखा कि अचानक एक हाथी रेल पटरी आ गया. इस वजह से पायलट दल को ट्रेन रोकने का वक्त ही नहीं मिला और मालगाड़ी का इंजन तेज रफ्तार के साथ हाथी से टकरा गया. इससे घायल हाथी ने महज कुछ देर बाद घटनास्थल पर दम तोड़ दिया. हाथी का शव रेल पटरी पर होने के कारण अप तथा डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन शुक्रवार की रात बारह बजे से बाधित हो गया, वहीं इंजन तथा उसके पीछे की एक बोगी बेपटरी हो गयी.
कड़ी मशक्कत के बाद परिचालन सामान्य
घटना की सूचना पाते ही धनबाद कंट्रोल रूम में अफरा-तफरी मच गई. कंट्रोल रूम के निर्देश पर अप तथा डाउन लाइन पर गुजरने वाली ट्रेनों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया गया. विभागीय निर्देश पर गोमो से दुर्घटना राहत यान को घटनास्थल पर भेजा गया. यान के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को पटरी से हटाने तथा इंजन और एक बोगी को पटरी पर लाने में सफलता पायी. मंडल रेल प्रबंधक आशीष बंसल तथा कई वरीय अधिकारी घटना की सूचना पाते ही घटनास्थल की ओर रवाना हो गए. रेलवे के सूत्रों के अनुसार अप लाइन पर रात 2:40 बजे तथा डाउन लाइन शनिवार की सुबह 6:10 बजे परिचालन सामान्य होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली. इस मालगाड़ी को दूसरे इंजन की सहायता से गंतव्य की ओर रवाना किया गया.

