नवादा: जिले में मुखिया चुनाव में भाभी को वोट नहीं देने से नाराज देवर ने एक मतदाता का कान काट लिया. इससे पहले उसकी पिटाई भी की. घायल शख्स अस्पताल में भर्ती है. पीड़ित की पहचान रोड प्रखंड की मरुई पंचायत निवासी अखिलेश यादव के रूप में हुई है.
घायल अखिलेश यादव ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान मरुई पंचायत की मुखिया उम्मीदवार अरुणा देवी का समर्थन कर रहा था. मैं और मेरे परिवार वालों ने नवनिर्वाचित मुखिया मटुरबा देवी को वोट नहीं दिया. इस बात पर नवनिर्वाचित मुखिया के देवर जयकरण यादव चार साथियों के साथ रास्ते में रोककर घटना को अंजाम दिया. वोट नहीं देने की बात करते हुए अंजाम भुगतने की बात करने लगे.
पहले मारपीट की. फिर तलवार से बायां कान काट डाला. इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए. शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अस्पताल लेकर गए. पीड़ित अखिलेश ने जयकरण यादव, संतोष यादव, अजीत यादव, कुंदन यादव के खिलाफ थाने में आवेदन दिया है.

