झारखंड पंचायत चुनाव के दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे हैं। गिरिडीह के डोकीडीह पंचायत के मुखिया प्रत्याशी के नामांकन जुलूस के दौरान ये नारे लगे। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जुलूस के दौरान पुलिस भी दिखाई दे रही है। इसके बावजूद पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लग रहे हैं।
प्रत्याशी के समर्थक अपने नेता के लिए जिंदाबाद के नारे लगाते-लगाते पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। नॉमिनेशन जुलूस के इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह साकिर हुसैन नाम के मुखिया प्रत्याशी के नामांकन जुलूस का है। इस मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो बुधवार की दोपहर का है। मुखिया प्रत्याशी साकिर हुसैन अपनी कार में सवार होकर नामांकन करने गया था। इसी दौरान कुछ समर्थक कार के बाहर खड़े होकर नारे लगा रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए। समर्थन में दूसरे लोगों ने भी जिंदाबाद के नारे लगाए।
इस संबंध में पूछे जाने पर गांडेय के थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने कहा कि वह इस बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकते। फिलहाल वह कहीं दूसरी जगह ड्यूटी पर हैं। इस बारे में जानकारी SDPO दे सकेंगे। SDPO अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रखंड कार्यालय के समक्ष चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए भीड़ एकत्र करने और समाज में विद्वेष फैलाने के लिए देश विरोधी नारे लगाने के आरोप में एफआइआर दर्ज की गई है। इस मामले में साकिर हुसैन, आशीफ और सोयेब नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

