रांची: चित्रकार पद्मश्री कृष्ण कन्हाई ने सोमवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन से मुलाकात कर गुरुजी शिबू सोरेन की एक शानदार पेंटिंग भेंट की है। इस पेंटिंग में दिशोम गुरु और झारखंड आंदोलन के नायक रहे शिबू सोरेन केंद्र बिन्दु हैं। उनके साथ हेमंत सोरेन भी नजर आ रहे हैं। यह पेंटिंग दो पीढ़ियों को नेतृत्व करते दर्शाती है। इस विशाल पेंटिंग को जब कृष्ण कन्हाई ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भेंट किया तो वह उत्सुकता से निहारते नजर आए। मुख्यमंत्री ने चित्रकार कृष्ण कन्हाई को इस शानदार पेंटिंग के लिए धन्यवाद दिया। इतना ही नहीं उन्होंने चित्रकार को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्र भेंट कर सम्मानित भी किया।
मालूम हो कि चित्रकार कृष्ण कन्हाई वृंदावन उत्तरप्रदेश से यहां आए थे। मुख्यमंत्री से उन्होंने शिष्टाचार भेंट कर अपनी पेंटिंग से रूबरू कराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। कृष्ण कन्हाई भारत के चर्चित चित्रकार हैं। उनके पिता श्रीकन्हाई भी देश के प्रख्यात चित्रकार रह चुके हैं। भारत सरकार ने वर्ष 2000 में पिता को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया था। इसके बाद वर्ष 2004 में भारत सरकार ने कृष्ण कन्हाई को भी पद्मश्री सम्मान दिया था। संसद के सेंट्रल हाल में भी इनकी पेंटिंग लगी है।

